NEET PG Re-Exam 2026: नीट पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन देश भर के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। हालांकि, जयपुर (राजस्थान) स्थित ‘iON डिजिटल जोन iDZ सीतापुरा’ सेंटर पर अचानक आंतरिक बिजली आपूर्ति ठप (Internal Power Failure) होने की वजह से परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। सेंटर पर आई इस अचानक खराबी के कारण वहां मौजूद परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद छात्रों ने अधिकारियों से स्थिति और आगे की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की मांग की।
NBEMS ने लिया संज्ञान, 5 सितंबर को होगी री-एग्जाम
छात्रों की परेशानी और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्ज़ामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने त्वरित कार्रवाई की। बोर्ड ने आधिकारिक सूचना जारी कर स्पष्ट किया कि इस प्रभावित सेंटर के 2,445 अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा (Re-Exam) आयोजित की जाएगी। यह री-एग्जाम 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को दोपहर 03:00 बजे से जयपुर में ही आयोजित किया जाएगा।
नए एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र का अपडेट
जयपुर सेंटर के प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए बोर्ड जल्द ही संशोधित एडमिट कार्ड (Revised Admit Card) जारी करेगा। नए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र से जुड़ी सटीक लोकेशन की जानकारी दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नए प्रवेश पत्र से जुड़े हर अपडेट के लिए समय-समय पर एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर नज़र बनाए रखें।
परीक्षा केंद्र पर इन नियमों का पालन करना अनिवार्य
री-एग्जाम में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी ध्यान रखें कि परीक्षा वाले दिन केंद्र पर संशोधित एडमिट कार्ड के साथ एक मूल एवं वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य सरकारी आईडी) ले जाना अनिवार्य है। बिना प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी और वे परीक्षा देने से वंचित रह जाएंगे।
एनबीईएमएस के आधिकारिक नोटिस में क्या कहा गया?
NBEMS द्वारा जारी नोटिस के अनुसार: “NEET-PG 2026 परीक्षा 2,73,096 पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें से 2,65,980 अभ्यर्थी शामिल हुए। देश के बाकी हिस्सों में लगभग 2,63,535 उम्मीदवारों के लिए परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। हालांकि, जयपुर के iON Digital Zone IDZ सीतापुरा सेंटर (TC नंबर 41682 और 41683) पर परीक्षा एजेंसी TCS Ltd. की ओर से बिजली की तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। बोर्ड इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करता है और इन अभ्यर्थियों के लिए 05.09.2026 को दोपहर 03:00 बजे पुनः परीक्षा आयोजित कर रहा है।”
किसी भी सवाल या समस्या के लिए हेल्पलाइन
नीट पीजी परीक्षा या री-एग्जाम से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी एनबीईएमएस के हेल्पलाइन नंबर +91-7996165333 पर संपर्क कर सकते हैं (सुबह 09:30 बजे से शाम 06:00 बजे तक)। इसके अलावा अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर भी लेटेस्ट अपडेट्स और सूचनाएं देख सकते हैं।
