UPPSC BEO Notification 2026: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) की भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बहुत बड़ी खबर सामने आई है। शासन स्तर पर अर्हता संबंधी अड़चनें पूरी तरह दूर होने के बाद अब बेसिक शिक्षा निदेशालय जल्द ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को 238 रिक्त पदों का अधियाचन भेजने जा रहा है। अधियाचन मिलते ही आयोग द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस बार आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि इस भर्ती प्रक्रिया में केवल बीएड (B.Ed) डिग्री धारक ही आवेदन के पात्र होंगे। बीएड के समकक्ष किसी अन्य पाठ्यक्रम को इसमें मान्य नहीं किया गया है।
UPPSC BEO भर्ती 2026
वर्तमान में प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारियों के कुल 1,031 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 350 से अधिक पद खाली चल रहे हैं। हालांकि, आरक्षण और नई रिक्तियों के सत्यापन के बाद फिलहाल 238 पदों पर ही सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
| विवरण | संबंधित जानकारी |
|---|---|
| भर्ती संस्था | उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) |
| पद का नाम | खंड शिक्षा अधिकारी (Block Education Officer – BEO) |
| कुल प्रस्तावित पद | 238 पद |
| विभाग | बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश |
| स्वीकृत व रिक्त पद | कुल स्वीकृत: 1,031 |
बीएड योग्यता पर स्थिति साफ, समकक्ष कोर्स नहीं होंगे मान्य
बेसिक शिक्षा निदेशालय ने पिछले वर्ष भी बीईओ भर्ती के लिए अधियाचन भेजा था, लेकिन सेवा नियमावली संशोधित न होने के कारण लोक सेवा आयोग ने उसे वापस कर दिया था। अब नियमावली में संशोधन के बाद यह स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है कि केवल बीएड डिग्री धारक ही इस पद के लिए पात्र होंगे। इससे पहले वर्ष 2019 में आयोग ने बीईओ के 309 पदों पर भर्ती निकाली थी, जिसमें लगभग 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दावेदारी की थी।
परिषदीय शिक्षकों के लिए ‘विशेष टीईटी’ (Special TET) का आदेश
बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए ‘विशेष टीईटी’ को लेकर भी नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर मुख्य सचिव (बेसिक व माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार, यह विशेष टीईटी केवल उन अध्यापकों के लिए अनिवार्य होगी जिन्होंने अब तक टीईटी (TET) या सीटेट (CTET) पास नहीं किया है।
| श्रेणी (Category) | शिक्षकों की संख्या | नियम व अनिवार्यता |
|---|---|---|
| कुल लक्षित शिक्षक (सुप्रीम कोर्ट निर्देश) | ~1.42 लाख | टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य |
| पहले से TET/CTET पास | ~86,000 | विशेष टीईटी देना अनिवार्य नहीं है |
| शेष शिक्षक (बचे हुए) | 56,818 | विशेष टीईटी में रजिस्ट्रेशन व पास होना अनिवार्य |
महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) और निदेशक (बेसिक शिक्षा) को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के माध्यम से बिना टीईटी वाले सभी 56,818 शिक्षकों का पंजीयन कराएं ताकि वे इस परीक्षा में अनिवार्य रूप से शामिल हो सकें।
