NCTE Rules: एनसीईटी नियम होंगे लागू! सरकारी स्कूलों की सहायक शिक्षक भर्ती में TET अनिवार्य करने की तैयारी,

10 अक्टूबर 2026, 7:05 पूर्वाह्न IST

Share

Teacher TET News: अगर आप उत्तर प्रदेश के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (LT Grade) सहायक अध्यापक बनने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए नियमावली में संशोधन की तैयारी पूरी कर ली है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के मानकों का पालन करते हुए अब आगामी एलटी ग्रेड भर्ती में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को अनिवार्य करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।

इस कदम से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली आगामी सहायक अध्यापक भर्तियों में चयन प्रक्रिया और अभ्यर्थियों की न्यूनतम योग्यता पूरी तरह बदलने जा रही है। आइए, इस पूरी खबर और नियमावली में होने जा रहे संशोधनों को आसान व स्पष्ट भाषा में समझते हैं।

NCTE गाइडलाइंस के तहत तय होंगे नए शैक्षणिक मानक

माद्वमिक शिक्षा विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ शिक्षा (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) सेवा नियमावली, 2024 में संशोधन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से भेजे गए पत्र में एनसीटीई (NCTE) के 12 नवंबर 2014 के तय मानकों को लागू करने का स्पष्ट अनुरोध किया गया है।

अब तक लागू व्यवस्था में बीएड (B.Ed.) की अनिवार्यता तो दर्ज थी, लेकिन ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन में न्यूनतम अंकों की सीमा स्पष्ट नहीं थी। नए प्रस्ताव के तहत अब कक्षा 6 से 10 तक के अध्यापकों के लिए ग्रेजुएशन (स्नातक) में कम से कम 50% अंक या फिर पोस्ट ग्रेजुएशन (स्नातकोत्तर) में 45% अंकों के साथ बीएड डिग्री होना अनिवार्य कर दिया जाएगा।

जानिए क्यों पड़ी नियमावली बदलने की जरूरत?

एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की योग्यता और चयन प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए कक्षा 9 और 10 के शिक्षकों की भर्ती संबंधी नियमों और विज्ञापनों को पूरी तरह स्पष्ट करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही अदालत ने भर्ती में टीईटी (TET) को आवश्यक अर्हता के रूप में शामिल करने के लिए नियमों में संशोधन की बात कही थी।

अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद विभाग ने नियमों को दुरुस्त करते हुए एनसीटीई के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नियमावली का नया ड्राफ्ट तैयार किया है।

आगामी एलटी ग्रेड भर्ती पर क्या पड़ेगा असर?

नए नियमों के लागू होते ही अब सिर्फ बीएड पास होना ही काफी नहीं होगा, बल्कि अभ्यर्थियों को संबंधित स्तर की टीईटी परीक्षा भी पास करनी होगी। इसके अलावा, जिन अभ्यर्थियों के स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक हैं, उन्हें स्नातकोत्तर में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक की शर्त पूरी करनी होगी।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) जब भी एलटी ग्रेड भर्ती का नया नोटिफिकेशन जारी करेगा, वह इसी संशोधित नियमावली के आधार पर ही होगा। ऐसे में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को अब अपनी विषय सामग्री के साथ-साथ टीईटी परीक्षा की तैयारी पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

लेखक के बारे में

SHIVMANGAL

Senior Content Writer

मैं शिवमंगल वर्तमान में नौकरी दृष्टि में सीनियर कंटेंट राइटर के पोस्ट पर कार्यरत हु। वर्ष 2018 से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा हूं। मुझे सरकारी नौकरी , रिजल्ट आदि विषयों पर अपडेट देने का विशेष अनुभव है।
FIRST PUBLISHED: 10 अक्टूबर 2026, 7:05 पूर्वाह्न
व्हाट्सएप से जुड़ें